Friday, July 3, 2026
Your Dream Technologies
HomeNCR News12 वर्षों में एक बार भी नहीं हुआ यमुना तट बांध चार...

12 वर्षों में एक बार भी नहीं हुआ यमुना तट बांध चार लेन सड़क का अनुरक्षण: अशोक चौहान

“करोड़ों रुपये स्वीकृत होने के बावजूद सड़क बदहाल, झाड़ियों और कूड़े से पटा पड़ा है पूरा मार्ग”

नोएडा। यमुना मार्जिनल बांध/यमुना तट बांध की चार लेन सड़क आज प्रशासनिक लापरवाही और विभागीय उदासीनता की बड़ी मिसाल बन चुकी है। वर्ष 2014 में निर्मित इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग का बीते लगभग 12 वर्षों में एक बार भी समुचित अनुरक्षण नहीं कराया गया, जिसके कारण यह सड़क आज टूट-फूट, गंदगी, कंटीली झाड़ियों और अव्यवस्था का शिकार हो चुकी है।

ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने इस गंभीर विषय को उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत होने और कई बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद संबंधित विभाग अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाए हैं।


नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल

ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नवनिर्मित भवन के जनसुनवाई कक्ष में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने यमुना मार्जिनल बांध/पुस्ता बांध सड़क की तत्काल मरम्मत, सफाई तथा दोनों ओर और मध्य में उगी हुई कंटीली झाड़ियों की कटाई-छंटाई कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। साथ ही सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।


11.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनी उपेक्षा का शिकार

अशोक चौहान ने बताया कि सेक्टर-94 स्थित गाँव रायपुर से लेकर सेक्टर-135 गाँव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन आज इसकी स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है।

सड़क के दोनों ओर और बीचों-बीच बड़ी-बड़ी कंटीली झाड़ियां, कीकर और जंगली वनस्पतियाँ उग आई हैं। कई स्थानों पर सड़क टूट चुकी है तथा जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से बदबू और प्रदूषण फैल रहा है। रात के समय यह मार्ग दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।


34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत, फिर भी काम शुरू नहीं

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में इस सड़क का निर्माण नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा वित्त पोषित धनराशि से कराया गया था। सिंचाई विभाग और नोएडा प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू के अनुसार सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य नोएडा प्राधिकरण की धनराशि से कराया जाना तय हुआ था।

इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण ने सड़क की मरम्मत और सफाई के लिए 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया तथा पहली किस्त के रूप में लगभग 11 करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को भेज भी दिए गए।

इसके बावजूद सेक्टर-94 गाँव रायपुर से सेक्टर-135 नंगली वाजिदपुर तक सड़क की सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे जनता में भारी नाराजगी है।


वर्षों से मुख्यमंत्री पोर्टल और आईजीआरएस पर दर्ज हो रहीं शिकायतें

अशोक चौहान ने बताया कि वह वर्ष 2021 से लगातार इस सड़क की सफाई और मरम्मत के लिए शिकायतें कर रहे हैं।

वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई गई थी। उस समय सिंचाई विभाग ने जवाब दिया था कि पुस्ता बांध सड़क की दैनिक सफाई का कार्य नोएडा प्राधिकरण करता है।

इसके बाद 31 अगस्त 2024 को शिकायत संख्या 40014124021755 और 40014124021758 दर्ज कराई गईं। वहीं 28 अगस्त 2025 को शिकायत संख्या 40014125031556 के माध्यम से दोबारा शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।


स्वच्छ भारत अभियान की भावना को ठेस

अशोक चौहान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देश को स्वच्छ और सुंदर बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा में बार-बार शिकायतों के बावजूद इतनी महत्वपूर्ण सड़क की सफाई तक नहीं हो पा रही है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक समन्वय की कमी और जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता को उजागर करती है।


ट्रैफिक जाम से राहत दिला सकती है यह सड़क

उन्होंने बताया कि यदि यमुना तट बांध सड़क की समय रहते मरम्मत और सफाई कर दी जाए तो यह मार्ग नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम का प्रभावी विकल्प बन सकता है।

इससे गाँव रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली सहित सेक्टर-126 से 135 तथा सेक्टर-168 के हजारों निवासियों को राहत मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक जाम से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी।


नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग

ग्राम विकास संगठन नोएडा ने मांग की है कि यमुना मार्जिनल बांध/पुस्ता बांध सड़क के अनुरक्षण और सफाई कार्य के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि जिम्मेदारी तय हो सके और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो।

संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सेक्टर-94 गाँव रायपुर से सेक्टर-135 नंगली वाजिदपुर तक सड़क मार्ग की तत्काल सफाई कर कंटीली झाड़ियों एवं कूड़े के ढेरों को हटाया जाए तथा सड़क की मरम्मत और अनुरक्षण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button