HomeLocalलंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का काली पट्टी बांधकर विरोध

लंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का काली पट्टी बांधकर विरोध

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को जनपद में एनएचएम के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर शासन और प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कई बार मांगों को शासन और विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि 5, 6 और 7 अक्टूबर को सभी संविदा कर्मचारी कार्यस्थल पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी जनपद मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदर्शन में जनपद के संविदा कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
इसी क्रम में बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संविदा कर्मचारियों ने भी काली पट्टी बांधकर कार्य किया और अपनी मांगों के समर्थन में सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने शासन से जल्द मांगों का निस्तारण कर आंदोलन समाप्त कराने की अपील की।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments