गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए गाजीपुर में हुए मतदान का जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पूरे दिन भ्रमण कर जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सिटी इंटर कॉलेज गाजीपुर, हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली, विकास खंड जखनियां, नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जमानियां समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्रों पर वेबकास्टिंग, विद्युत, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी।
जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुचारु बनाए रखने को भी कहा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।प्रशासन के अनुसार, जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। शाम चार बजे तक वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 21,926 मतदान पड़े, जो 43.61 प्रतिशत रहा। वहीं, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,306 मतदाताओं ने मतदान किया। यहां मतदान प्रतिशत 69.52 प्रतिशत दर्ज किया गया।















