गाजीपुर – 29 अप्रैल 2026 को शाम लगभग 4:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामदरश राम (51 वर्ष), निवासी ग्राम चईशा उर्फ बकराबाद, दवा लेने के लिए पी.जी. कॉलेज चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण एक पेड़ की भारी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा।
राजस्व और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि शासन की योजनाओं के तहत जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें आपदा राहत कोष, कृषक दुर्घटना योजना, पारिवारिक लाभ योजना तथा मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन योजना का लाभ शामिल है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।














