गाज़ीपुर। कासिमाबाद कोतवाली में तैनात सिपाही राजू कुमार को पुलिस अधीक्षक द्वारा लाइन हाजिर किए जाने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई की वजह डीआईजी कार्यालय में की गई एक शिकायत बनी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद से कराई गई, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने राजू कुमार को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि महज छह महीने की तैनाती के दौरान ही सिपाही राजू कुमार विभिन्न कारणों से सुर्खियों में रहे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई को विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि कासिमाबाद कोतवाली से सिपाही राजू कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने कहा कि एक शिकायत के मामले में संलिप्तता की बात सामने आई थी, जिसके संबंध में जांच कर आवश्यक रिपोर्ट भेजी गई थी। संभवतः उसी आधार पर विभागीय कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।














