जंगीपुर । बहुजन समाज पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जंगीपुर विधानसभा सीट से सुभाष चंद्र गुप्ता को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। मंगलवार को दोपहर करीब 2:30 बजे बसपा के पूर्व एमएलसी एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष दिनेश चंद्र ने उनके नाम की घोषणा की। प्रत्याशी घोषित होने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई।
सुभाष चंद्र गुप्ता ने कहा कि वह पिछले करीब 25 वर्षों से दलित, गरीब और वंचित वर्गों की आवाज उठाते हुए लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अपने समाज के करीब 35 हजार वोट जोड़ने का लक्ष्य बताते हुए दलितों, पिछड़ों और अन्य वर्गों का समर्थन मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जंगीपुर में इस बार बसपा का झंडा लहराने के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
2022 के चुनाव का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि उस समय राजनीतिक परिस्थितियां अलग थीं। ओमप्रकाश राजभर के गठबंधन और संविधान बचाने के मुद्दे का प्रभाव चुनाव पर पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान परिस्थितियों में बसपा का मूल वोट बैंक मजबूत है। उनके अनुसार जंगीपुर में बसपा के करीब 75 हजार वोट हैं, जिनमें इस बार और बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने पिछले चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि 2007, 2012 और 2017 में बसपा सपा के मुकाबले में रही है। 2022 में बसपा प्रत्याशी डॉ. मुकेश सिंह को करीब 47,800 वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी को करीब 64 हजार वोट मिले थे। ऐसे में सुभाष गुप्ता के प्रत्याशी बनाए जाने से जंगीपुर में त्रिकोणीय मुकाबले की तस्वीर बनने लगी है।
सुभाष चंद्र गुप्ता 2010 से 2015 तक बिरनो ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। इसके बाद वह जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में बसपा प्रभारी के रूप में सक्रिय रहे। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर लगातार संगठन के लिए काम किया और बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें चुनाव लड़ने का आशीर्वाद दिया।
उन्होंने महिला सुरक्षा, सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रमुख चुनावी मुद्दा बताया। कार्यक्रम में रामचंद्र गौतम, बसपा जिलाध्यक्ष अजय भारती, सुभाष राम, जय मूरत विश्वकर्मा, उदय नारायण पांडे, कमल यादव, मुन्ना पांडे, रामप्रसाद गुप्ता, कमल मंसूरी, अंजनी पांडे, उदय राम भारती और मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने की। संचालन आदित्य नारायण कुशवाहा ने किया।














