टोक्यो: जापान की राजनीति में रविवार को इतिहास रचते हुए प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने प्रचंड जीत दर्ज की। प्रतिनिधि सभा चुनाव में उनके नेतृत्व वाले गठबंधन ने मतदान समाप्त होने के महज दो घंटे के भीतर ही बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। ताकाइची की पार्टी लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने इस चुनाव में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 465 में से 312 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि बहुमत के लिए केवल 233 सीटों की जरूरत थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मतगणना शुरू होने के कुछ ही समय बाद एलडीपी ने स्पष्ट बढ़त बना ली थी। फिलहाल 86 सीटों पर गिनती जारी है, जिनमें भी 50 से अधिक सीटों पर ताकाइची की पार्टी आगे चल रही है। वहीं विपक्षी दल अब तक केवल 68 सीटों पर ही सिमटते नजर आ रहे हैं। इस भारी जीत को जापानी राजनीति में एक ऐतिहासिक जनादेश के रूप में देखा जा रहा है।
पहली महिला प्रधानमंत्री को जनता का भरोसा
64 वर्षीय सनाए ताकाइची ने अक्टूबर में जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। उस समय विपक्ष ने उनके नेतृत्व और पार्टी की लोकप्रियता पर सवाल उठाए थे। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ताकाइची व्यक्तिगत रूप से तो लोकप्रिय थीं, लेकिन उनकी पार्टी को लेकर जनता में उत्साह कम माना जा रहा था। इसी आकलन के बीच ताकाइची ने अचानक चुनावों का ऐलान कर सभी को चौंका दिया था।
अब चुनावी नतीजों ने साफ कर दिया है कि उनका यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ और जनता ने उन्हें अभूतपूर्व समर्थन दिया।
भावुक अपील बनी जीत की कुंजी
चुनाव अभियान के दौरान सनाए ताकाइची ने एक बड़ा और भावुक ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि यदि उनकी पार्टी को बहुमत नहीं मिला तो वह प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगी। उनकी इस अपील का जापानी मतदाताओं पर गहरा असर पड़ा।
जापानी मीडिया के अनुसार, विपक्षी दल ताकाइची की इस भावनात्मक रणनीति का कोई प्रभावी जवाब नहीं दे पाए, जिसके चलते उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। जनता ने ताकाइची को न सिर्फ समर्थन दिया, बल्कि उन्हें अब तक की सबसे बड़ी जीत दिला दी।
Congratulations Sanae Takaichi on your landmark victory in the elections to the House of Representatives!
Our Special Strategic and Global Partnership plays a vital role in enhancing…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 8, 2026
दुनिया भर से मिल रही बधाइयां
सनाए ताकाइची की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें दुनियाभर के नेताओं की ओर से बधाइयां मिल रही हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ताकाइची के नेतृत्व में भारत-जापान मित्रता और नई ऊंचाइयों को छुएगी।
जापान की राजनीति में नया अध्याय
सनाए ताकाइची की यह जीत न केवल एलडीपी की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि जापान की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत भी मानी जा रही है। प्रचंड जनादेश के साथ ताकाइची के सामने अब आर्थिक सुधार, वैश्विक कूटनीति और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर मजबूत फैसले लेने की चुनौती और अवसर दोनों मौजूद हैं।














