
गाजीपुर – जंगीपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में मासिक बैठक का आयोजन विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। बैठक में मुख्य रूप से जंगीपुर के विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव, जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. वीरेन्द्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, सेक्टर प्रभारियों, पर्यवेक्षकों और विशेष रूप से बूथ अध्यक्षों की जिम्मेदारी सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आज भी वोटर लिस्टों में गड़बड़ी की जा रही है, इसलिए हर कार्यकर्ता को अपने वोटर लिस्ट की सुरक्षा खुद करनी होगी।
डॉ. यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने गाजीपुर में 300 बेड का अस्पताल दिया, ऑडिटोरियम और स्टेडियम के लिए भी पहले ही धन आवंटित किया गया था, लेकिन बाद में स्टेडियम का पैसा गोरखपुर स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि 2027 में PDA की सरकार बनानी है, तभी सबका भला हो सकेगा।

अपने संबोधन के अंत में विधायक ने चक्रवर्ती सम्राट अशोक, भगवान गुह राज निषाद और महर्षि कश्यप जी की जयंती की शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष मुन्नीलाल राजभर ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता बहुत मजबूत हैं और उन्होंने पिछले चुनाव में सक्रियता से भाग लिया था। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव के लिए अभी से तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया, ताकि समाजवादी पार्टी की सरकार बन सके और पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज का भला हो सके।
इस बैठक में भूपेन्द्र सिंह, विनोद चौहान, गजानंद पाल, बृजेश सिंह, सिकंदर खान, नंदू राजभर, दारा यादव, मेवा यादव, आशीष कुशवाहा, यशवंत कुशवाहा, राजेश कश्यप, चंद्रभान गुप्ता, रामाश्रय सिंह कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव, गिरधर सिंह यादव, लल्लन राजभर सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन सुनील यादव सोनू ने किया।