गाजीपुर – नंदगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त मोनू यादव उर्फ मुलायम यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त थाना नंदगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 150/2024 धारा 309(4) बीएनएस में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित बदमाश हाईवे से ग्राम रेवसा जाने वाले लिंक मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोनू यादव पुत्र प्रेम बहादुर उर्फ मुलायम यादव निवासी ग्राम जरासी थाना चंदवक जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त पर आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।














