गाजीपुर – साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति को बड़ी राहत देते हुए उसके खाते में पूरी धनराशि वापस कराई है। जानकारी के अनुसार उमेश सिंह निवासी उमरगंज, जमानिया जनपद गाजीपुर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। ठगों ने उनसे 84 हजार 800 रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। मामले में साइबर क्राइम थाना पर मुकदमा संख्या 27/2024 धारा 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध से पीड़ित लोगों की धनराशि वापस कराने के अभियान के तहत कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर (साइबर नोडल) एवं पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध के निर्देशन में साइबर थाना टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की धनराशि को फ्रीज कराया और बाद में पूरी रकम सुरक्षित रूप से वापस कराई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक एवं विवेचक रहमतुल्लाह खान तथा तकनीकी सहायक हेड कांस्टेबल रविकांत जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या आर्थिक अपराध होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें तथा राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।














