गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने थाना करंडा में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर आम जनमानस की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह पता चल सके कि उसकी समस्या वास्तव में दूर हुई है या नहीं। उन्होंने शिकायत रजिस्टर में अलग से फीडबैक कॉलम बनाए जाने के निर्देश दिए। इसमें शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं प्राप्त प्रतिक्रिया दर्ज की जाएगी।
डीएम ने कहा कि केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि निस्तारण से शिकायतकर्ता संतुष्ट है। उन्होंने इस व्यवस्था के माध्यम से शिकायतों के वास्तविक निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने पर जोर दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। थाना दिवस के दौरान थाना प्रभारी करंडा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














