Thursday, April 30, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeडीएम-एसपी ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, मोबाइल पर सख्ती के...

डीएम-एसपी ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, मोबाइल पर सख्ती के निर्देश

गाजीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोईघर और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की संचालन व्यवस्था की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने चिकित्सालय में भर्ती कैदियों से उनकी बीमारियों के बारे में जानकारी ली और उनके खान-पान व साफ-सफाई की स्थिति के बारे में पूछताछ की। इसके अलावा हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सभी बैरकों का क्रमवार निरीक्षण करते हुए बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी की तिथि का मिलान किया।

रसोईघर के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन बनने वाले भोजन के मेन्यू की जानकारी ली गई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जेल के अंदर मोबाइल फोन या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने और रोस्टर बनाकर सघन जांच करने को कहा गया।

अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी और सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button