गाजीपुर। जनपद में संभावित बाढ़ एवं कटान की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील सेवराई क्षेत्र के नरवा घाट गहमर तथा सोझवा घाट गहमर में चल रहे कटान रोधक कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य संपादन का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से तय मानकों के अनुसार पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण स्थल पर उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने निर्माण कार्यों को 30 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कार्य में ढिलाई पाए जाने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई, कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।














