गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराना था। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने जिलेभर में छापेमारी कर कुल छह नमूने एकत्र किए और कई जगहों पर मिलावटी सामान को जब्त किया।दिलदारनगर, जमानिया स्थित रामआशीष यादव की खोया मंडी से खोया का एक नमूना लिया गया, जबकि भदौरा बस स्टैंड पर इन्दल यादव के थोक खोया प्रतिष्ठान से भी नमूना एकत्र किया गया। भदौरा बाजार स्थित मेसर्स परमपरा स्वीट्स से बर्फी का नमूना लिया गया और वहां से 40 किलोग्राम चीनी का सीरा (लगभग ₹4000 मूल्य) व 20 किलोग्राम छेना मिठाई (₹4800 मूल्य) सीज कर नष्ट की गई।इसी तरह सादात के मजुई मोड़ पर विनोद कुमार यादव के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू, युसुफपुर बाजार में मेसर्स सागर स्वीट से बूंदी लड्डू और मेसर्स सम्राट स्वीट से छेना मिठाई के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।यह अभियान उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा संचालित किया गया।