गाजीपुर – सैदपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर अंडरपास स्थित गोरखपुर–वाराणसी फोरलेन पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा सामने से गलत लेन में आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में हुआ। कार में सवार मां-बेटे सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
सभी घायलों को सादीभादी मोड़ स्थित न्यू लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी। घायलों में खालिसपुर निवासी 47 वर्षीय चंद्रपाल सिंह, उनकी 70 वर्षीय मां फूलमती देवी, पत्नी रेखा सिंह, बेटी रिमझिम सिंह, बेटा शिवा सिंह तथा नवापुरा निवासी अभय सिंह, उनकी पत्नी नीलम सिंह और बेटा अभिषेक सिंह शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवार वाराणसी में गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है।














