गाजीपुर। शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से 5 और 6 अक्टूबर को जनपद के आकांक्षात्मक विकासखंड रेवतीपुर, देवकली और मरदह में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों द्वारा भ्रमण एवं समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सूचनाओं, प्रगति रिपोर्ट एवं अभिलेखों के साथ निरीक्षण और समीक्षा कार्य में सहयोग किया।
रेवतीपुर में विशेष सचिव बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग राज कमल यादव, देवकली में आयुक्त, अतिरिक्त भूमि सुधार, राजस्व परिषद रमेश रंजन तथा मरदह में विशेष सचिव कृषि विभाग संजीव रंजन को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनके साथ रेवतीपुर में उपायुक्त श्रम रोजगार, देवकली में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और मरदह में जिला कृषि अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है।
सोमवार को विशेष सचिवों ने संबंधित विकासखंडों में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विकासखंड कार्यालय, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने 50-बिंदु कार्यक्रम के तहत निर्धारित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।
बैठक में विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति, कार्यों की गुणवत्ता और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रगति की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया गया।















