गाज़ीपुर – जंगीपुर क्षेत्र के अरसदपुर में रविवार को शिव भक्तों की सेवा के लिए निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर का आयोजन किया गया। दूसरे सोमवार को ददरी घाट से गंगाजल लेकर महाहर धाम के लिए रवाना हुए कांवड़ियों का शिविर में स्वागत किया गया और उन्हें विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों ने कुछ देर विश्राम किया और सेवा का लाभ उठाया।
डॉ. मिथिलेश चौरसिया ने बताया कि अरसदपुर में कांवड़ियों की सेवा के लिए यह शिविर पिछले 20 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महाहर धाम की यात्रा पर जाने वाले शिव भक्तों को रास्ते में आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में कांवड़ियों के पैर गर्म पानी से धोने की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा थकान और दर्द से राहत के लिए दवाएं उपलब्ध कराई गईं। कांवड़ियों को चाय, फल और बिस्किट भी वितरित किए गए। सेवा के दौरान शिव भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर में बज रहे डीजे पर शिव भक्ति गीतों के बीच कांवड़िया झूमते नजर आए। इससे पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मिथिलेश चौरसिया, डॉ. प्रदीप कुशवाहा, डॉ. राकेश भारद्वाज, डॉ. नीतीश कुशवाहा, प्रवीण राय, बृजल प्रसाद, डॉ. इंद्रजीत चौहान, शकुंतला यादव, मनोज राय, प्रिंस सिंह, शिवम यादव, राजू यादव और राकेश बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है और भविष्य में भी यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।














