गाजीपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय जंगीपुर में विधानसभा की मासिक बैठक विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का काम कर रही है। इसके विरोध में सपा नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर सड़क पर उतरेंगे तथा विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग के इस्तीफा देने तक आंदोलन जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे कदमों की निंदा करती है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी जाति, धर्म और मजहब के लोगों को साथ लेकर चलने की नीति पर काम करेगी। उन्होंने PDA की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं।
बैठक के अंत में विधायक ने कार्यकर्ताओं के परिजनों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। सदानंद राम तियरा, बूथ अध्यक्ष रविंद्र राम की माता तथा अनुसूचित जनजाति विधानसभा अध्यक्ष आदेश राम की माता के निधन पर उन्होंने संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
बैठक में बजरंगी राम, सचिन कुशवाहा, शिवराम चौहान, अरविंद कन्नौजिया, कामेश्वर चौहान, रामनारायण राजभर, अविनाश खरवार, मेवा यादव, महेंद्र चौहान, शिवकुमार चौहान, यशवंत कुशवाहा, राजेश यादव गुड्डू, गिरधारी यादव, रामरति यादव, पंकज यादव, मारकंडेय यादव, अशोक राम, पारस यादव, राजेंद्र यादव, दारा यादव और गोपाल यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन विधानसभा महासचिव जितेंद्र चौहान ने किया।















