गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बुधवार को बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पलिवार में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम के सरकारी जमीन पर बने अवैध पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई उपजिलाधिकारी जखनिया के आदेश के अनुपालन में की गई।
पुलिस के अनुसार थाना बहरियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 160/2026 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम द्वारा ग्राम पलिवार में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध निर्माण कराए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम ने जमीन की पैमाइश की। जांच में निर्माण सरकारी जमीन पर पाया गया।
बुधवार 23 सितंबर को तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व टीम और बहरियाबाद पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से मकान को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही।
पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में दो दिन पूर्व ही गैंग संख्या 151/2026 पंजीकृत कर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। प्रशासनिक टीम में राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, सुधाकर पाण्डेय, लेखपाल सौरभ सिंह, जितेन्द्र यादव, महेन्द्र प्रजापति, आशुतोष पाण्डेय, अंकित राय, अर्जित शुक्ला, दिव्यांगनी और साधना शामिल रहे। पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष बहरियाबाद बासदेव प्रसाद ने किया। साथ में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार बिन्द और थाना सादात के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।















