गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नए कुलपति के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा।
कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 21वें कुलपति होंगे। वर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को पूरा हो रहा है।
उनकी नियुक्ति की खबर से विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह है। शिक्षकों और कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
पीजी कॉलेज, गाजीपुर के प्राचार्य एवं प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने नए कुलपति को बधाई देते हुए कहा कि अनुभवी एवं योग्य शिक्षाविद् के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में गाजीपुर जनपद के 380 महाविद्यालयों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय चतुर्वेदी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी प्रो. राकेश कुमार सिंह के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।














