गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने जनपदवासियों को सूचित किया है कि भारत सरकार की एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विकासखंडों में परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को देवकली एवं सैदपुर, 25 अगस्त को जखनिया एवं सादात, 29 अगस्त को मनिहारी एवं बिरनो, 31 अगस्त को करंडा एवं सदर, 1 सितंबर को कासिमाबाद एवं मरदह, 2 सितंबर को बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद, 3 सितंबर को जमानियां एवं रेवतीपुर तथा 5 सितंबर को भांवरकोल एवं भदौरा विकासखंड में शिविर आयोजित होगा।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र वरिष्ठजनों के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड अथवा वृद्धावस्था पेंशन प्रमाणपत्र तथा ₹15 हजार प्रतिमाह से कम आय का प्रमाणपत्र आवश्यक होगा। योजना के तहत वॉकर, कान की मशीन, चश्मा, व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी, कमोड वाली व्हीलचेयर, कृत्रिम दांत समेत अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
एडिप योजना के लिए आधार कार्ड, 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाणपत्र तथा ₹22,500 प्रतिमाह से कम आय का प्रमाणपत्र जरूरी है। इसके तहत ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, वॉकर, बैसाखी, छड़ी, श्रवण यंत्र, लेप्रोसी किट एवं एमआर किट आदि उपकरण दिए जाएंगे।
सीडीओ ने लोगों से अपील की कि अपने आसपास के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को शिविर की जानकारी देकर संबंधित विकासखंड में परीक्षण के लिए पहुंचाएं।














