गाजीपुर। बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में विशेष अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी धनवीर सिंह तथा यातायात निरीक्षक के नेतृत्व में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत स्कूली वाहनों की जांच की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। टीम ने स्कूल वाहनों के चालकों के सत्यापन, फिटनेस, परमिट, आवश्यक प्रपत्रों तथा उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल पर विद्यालय द्वारा की गई प्रविष्टि समेत विभिन्न मानकों की जांच की। साथ ही स्कूल वाहनों से बच्चों को विद्यालय पहुंचने और वापस घर जाने में एक घंटे से अधिक समय न लगने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान एवरग्रीन और सनसाइन समेत जिले के 12 विद्यालयों से जुड़े वाहनों की जांच की गई। मानकों का पालन नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में 24 वाहनों का चालान किया गया। इन पर कुल 3 लाख 12 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
अभियान के दौरान एवरग्रीन विद्यालय के तीन वाहनों और सनसाइन विद्यालय के एक वाहन को सीज किया गया। इनमें सनसाइन का सीज वाहन करीब 25 वर्ष पुराना बताया गया। अधिकारियों ने विद्यालय संचालकों और वाहन चालकों को सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।














