Thursday, August 13, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalतिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

तिरंगा यात्रा में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वर्ष 1942 की अगस्त क्रांति की स्मृतियों को नमन करते हुए निकली यात्रा में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के संयोजकत्व में लंका मैदान से शुरू हुई यात्रा सरयू पांडेय पार्क पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई।

यात्रा में जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा और प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम में देशवासियों ने इसी तिरंगे को हाथों में लेकर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने गाजीपुर की वीरभूमि को नमन करते हुए कहा कि जिले के अनेक वीर सपूतों ने देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए हैं।

उन्होंने कहा कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को प्राथमिकता देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत बताई।

इस दौरान प्रभारी मंत्री ने शहीद सिपाही महेश कुशवाहा की पत्नी निर्मला कुशवाहा को सम्मानित किया। बाद में डिलिया गांव पहुंचकर शहीद पतिराम पाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजन सुरेश पाल को सम्मानित किया।

लंका मैदान से कचहरी तक निकली यात्रा में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते रहे। पूरे मार्ग पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष गूंजते रहे। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। संचालन जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह ने किया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button