ज्ञानपुर (भदोही)। बेटी के साथ अश्लील हरकत की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची महिला को कथित तौर पर भगाने के मामले में एसपी अभिनव त्यागी ने सख्त कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर वरिष्ठ उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव को निलंबित कर दिया गया। मामले की विभागीय जांच अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला सोमवार को अपनी बेटी के साथ शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला का आरोप था कि गांव के दो युवक आए दिन उसकी बेटी के साथ अभद्रता और अश्लील हरकत करते हैं। महिला ने आरोप लगाया कि कोतवाली में तैनात दरोगा ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसे वहां से भगा दिया और कहा कि यहां सुनवाई नहीं होगी।
इसके बाद महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपित युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
एसपी ने वरिष्ठ उप निरीक्षक को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि आरोपित युवकों की तलाश जारी है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।














