गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के दौरान बिना किसी का नाम लिए अंसारी परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि गाजीपुर वीरों और बलिदानियों की धरती है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के कारण कुछ माफिया वर्षों तक यहां भय और अराजकता का माहौल बनाते रहे। अब प्रदेश में कानून का राज है और किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही अपराधियों का संरक्षण देने लगें और फर्जी दस्तावेजों के सहारे अवैध असलहा हासिल करने जैसे कृत्यों में शामिल हों, तब किसी जिले का विकास नहीं, बल्कि विनाश होता है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों की सच्चाई को अच्छी तरह समझ चुकी है और अब प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है।
“माहौल बिगाड़ने वालों को मिट्टी में मिला देंगे”
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सख्त संदेश देते हुए कहा कि गाजीपुर ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में यदि किसी ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने का प्रयास किया, तो उसे “मिट्टी में मिला दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मानसिकता प्रदेश की शांति और विकास में बाधा डालने की है, उनके लिए अब केवल दो ही रास्ते हैं—या तो जेल या फिर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई। प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के लिए कोई स्थान नहीं है।
कृष्णानंद राय हत्याकांड का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक स्वर्गीय कृष्णानंद राय और उनके छह साथियों की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश के इतिहास का दर्दनाक अध्याय है। उन्होंने कहा कि उस समय माफियाओं ने निर्ममता से हत्या की और तत्कालीन सत्ता तथा व्यवस्था के संरक्षण के कारण लंबे समय तक बचते रहे। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और अपराधियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून सबके लिए समान है। कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, यदि वह अपराध करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास और सुशासन के साथ आगे बढ़ रही है। अपराध और माफिया संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाकर प्रदेश में निवेश, रोजगार और विकास का नया वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने जनता से विकास और सुशासन की इस यात्रा में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय और अराजकता नहीं, बल्कि विकास, सुरक्षा और विश्वास की पहचान बन चुका है।














