गाजीपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी ने नवीन स्टेडियम, गाजीपुर में छात्र-छात्राओं के बीच मिठाई बांटकर खुशी जताई। कांग्रेस नेताओं ने इसे छात्रों के संघर्ष, युवाओं की एकजुटता और लोकतांत्रिक आंदोलन की जीत बताया।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पेपर लीक, परीक्षा अव्यवस्था और युवाओं की बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आंदोलन करती रही। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाई, जिसके चलते सरकार पर दबाव बना। उनके अनुसार शिक्षा मंत्री का इस्तीफा सरकार की नैतिक हार का प्रमाण है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की कथित विफलताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि देश का युवा अब केवल वादों से संतुष्ट नहीं होगा और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहेगा। वहीं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग जारी रखेगी।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनक कुशवाहा, बटुक नारायण मिश्र, अजय सिंह, अजय श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, राजेश गुप्ता, महबूब निशा, सदानंद गुप्ता, ज्ञान प्रकाश सिंह, ताहिर अब्बासी, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, धर्मेंद्र कुमार राम, नगीना पांडे सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














