गाजीपुर – जखनियां तहसील के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित जसौली गांव में प्रशासन ने 15 वर्षों से चले आ रहे अवैध अतिक्रमण को हटाकर ग्रामीणों के लिए बंद रास्ता मुक्त करा दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी अतुल कुमार की निगरानी में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई की।राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गांव की गाटा संख्या 132 पर वर्षों से कुछ लोगों ने ईंट, बालू और गोबर का ढेर लगाकर अवैध कब्जा कर रखा था। इससे 8 से 9 परिवारों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।मामले ने तब गति पकड़ी जब पीड़िता मंजू, पत्नी अवधेश, ने जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्या रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए।कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध और हंगामा करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल और राजस्व टीम की सतर्कता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। प्रशासन ने बिना किसी बाधा के अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक रास्ता बहाल कर दिया।अभियान के दौरान लेखपाल आशुतोष पांडे, सौरभ सिंह, जलालाबाद चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्रवाई के बाद वर्षों से रास्ते की समस्या झेल रहे परिवारों ने प्रशासन का आभार जताया और राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














