गाजीपुर – कोतवाली पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में शातिर हिस्ट्रीशीटर अमित राय और उसके साथी आयुष राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों को सुखदेवपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित अष्टभुजी कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण कुमार उपाध्याय के घर पर बाइक सवार दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच और तलाश के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित राय (36) और उसके साथी आयुष राय (21), निवासी जोगामुसाहिब, थाना करीमुद्दीनपुर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अमित राय गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, गैंगस्टर तथा आर्म्स एक्ट सहित गाजीपुर, अयोध्या और अन्य जिलों के अलावा बिहार में भी करीब 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2016 में अमित राय पर प्रवीण कुमार उपाध्याय के पिता की गोली मारकर हत्या करने का भी आरोप है, जिसका मुकदमा भांवरकोल थाने में दर्ज है। वर्तमान मामले में दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने की।














