Saturday, June 13, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGबेटी की विदाई के बाद पिता पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर...

बेटी की विदाई के बाद पिता पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर मौत

गाजीपुर  – सादात ब्लॉक अंतर्गत जगदीशपुर गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय पन्ना लाल पुत्र श्यामलाल के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पन्ना लाल की पुत्री करीना का विवाह संपन्न हुआ था। शनिवार सुबह बेटी की विदाई के बाद पन्ना लाल शादी में लगे टेंट और अन्य सामान को समेटने में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से सामान बचाने के लिए वह बाहर रखी सामग्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से पन्ना लाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी गीता, पुत्र विशाल तथा अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पन्ना लाल मेहनती और मिलनसार किसान थे तथा खेती-बाड़ी और पशुपालन के जरिए परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

चौकी इंचार्ज भीमापार रविन्द्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button