गाजीपुर। थाना जंगीपुर पुलिस ने हत्या एवं गौ तस्करी के मामलों में वांछित एक कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बघोल पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा और घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जियाऊद्दीन उर्फ जियाऊ कुरैशी (35) निवासी नोनहरा, गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और गोवध निवारण अधिनियम सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई और आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।














