ग़ाज़ीपुर – कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की उपस्थिति में गाजीपुर के राइफल क्लब सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा “अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के 375 अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित कर चेक वितरित किए गए। यह आयोजन शैक्षणिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत 24,717 अनुदेशकों के मानदेय में ऐतिहासिक वृद्धि के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, विशाल सिंह ‘चंचल’ तथा बेदी राम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोकभवन से आयोजित सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और अनुदेशकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। इससे अनुदेशकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे अधिक उत्साह के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकेंगे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुदेशकों को अंगवस्त्र, प्रतीकात्मक चेक एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और शिक्षा पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।














