गाजीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार (रायफल क्लब) में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जनपदवासियों से पेट्रोलियम पदार्थों की बचत और ऊर्जा संरक्षण के लिए जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के क्रम में जनपद प्रशासन चाहता है कि लोग पेट्रोल, डीजल एवं अन्य ईंधनों का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों तक सीमित रखें और ऊर्जा संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
डीएम ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ देश की अमूल्य संपत्ति हैं। इनके अत्यधिक उपयोग से राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और पर्यावरण प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन गई है।
उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करने, सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग अपनाने की अपील की। साथ ही अनावश्यक वाहन संचालन से बचने, ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन का इंजन बंद रखने तथा वाहनों की नियमित सर्विस कराने की सलाह दी।
डीएम ने कहा कि बच्चों और युवाओं को भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना जरूरी है ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपदवासी इस जनहितकारी अभियान में सहयोग देकर राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।














