पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने और एग्जिट पोल के अनुमान सामने आने के बाद मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। एग्जिट पोल में त्रिशंकु मुकाबले और कई सर्वे में बीजेपी को बढ़त दिखाए जाने के बीच ममता बनर्जी ने इन अनुमानों को सिरे से खारिज करते हुए तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड वापसी का दावा किया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में एक बार फिर ‘मां-माटी-मानुष’ की सरकार बनने जा रही है और उनकी पार्टी राज्य की 294 सीटों में से 226 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने दावा किया कि टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे एग्जिट पोल पूरी तरह सुनियोजित नैरेटिव का हिस्सा हैं, जिनका मकसद टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ना और जनता के बीच भ्रम फैलाना है।
‘बंगाल की जनता ने बैलेट बॉक्स में दे दिया जवाब’
वीडियो संदेश जारी करते हुए ममता ने कहा,
“बंगाल के लोगों को मेरा दिल से सलाम। आपने चिलचिलाती धूप, भय, दबाव और तमाम मुश्किलों के बावजूद लंबी कतारों में खड़े होकर लोकतंत्र को मजबूत किया है। सेंट्रल फोर्स, लोकल प्रशासन और केंद्र सरकार के संयुक्त दबाव के बावजूद बंगाल की जनता झुकी नहीं। लोगों ने बैलेट बॉक्स में अपना जवाब दे दिया है।”
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने जान जोखिम में डालकर संगठन की लड़ाई लड़ी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की।
सेंट्रल फोर्स और प्रशासन पर गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने मतदान के दौरान केंद्रीय बलों और कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में महिलाओं, बुजुर्गों और आम मतदाताओं तक को डराने-धमकाने की कोशिश की गई। कई स्थानों पर पार्टी समर्थकों और एजेंटों को जानबूझकर हिरासत में लिया गया ताकि वे मतदान प्रक्रिया पर नजर न रख सकें। हाल के दिनों में ममता बनर्जी लगातार EVM सुरक्षा और केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठाती रही हैं।
उन्होंने उदयनारायणपुर में मतदान के दौरान जान गंवाने वाले मतदाता के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
‘226 का आंकड़ा हम पार करेंगे’
एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिखाए जाने पर ममता ने कहा कि यह सब “पूर्व नियोजित मनोवैज्ञानिक खेल” है। उन्होंने कहा,
“बीजेपी जानबूझकर ऐसा माहौल बनाना चाहती है कि हमारे कार्यकर्ता निराश हो जाएं, लेकिन मैं साफ कहना चाहती हूं कि बंगाल के लोग हमारे साथ हैं। मुझे जनता के फैसले पर पूरा भरोसा है। हम 226 का आंकड़ा पार करेंगे।”
यह दावा ऐसे समय आया है जब ज्यादातर एग्जिट पोल बंगाल में कांटे की टक्कर बता रहे हैं, जबकि कुछ सर्वे बीजेपी को हल्की बढ़त भी दे रहे हैं।
EVM और काउंटिंग पर ‘24 घंटे पहरा’ लगाने का आदेश
ममता बनर्जी ने अपने सभी उम्मीदवारों, चुनाव एजेंटों और कार्यकर्ताओं को बेहद सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अब असली जिम्मेदारी मतगणना तक EVM की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।
उन्होंने कहा,
“स्ट्रॉन्ग रूम से लेकर काउंटिंग सेंटर तक हर पल चौकसी रखनी होगी। कोई भी एजेंट मतगणना खत्म होने से पहले अपनी टेबल नहीं छोड़ेगा। जरूरत पड़े तो भरोसेमंद साथी को जिम्मेदारी देकर थोड़ी देर का ब्रेक लें, लेकिन निगरानी बिल्कुल कम नहीं होनी चाहिए।”
‘जरूरत पड़ी तो मैं खुद काउंटिंग सेंटर पर पहरा दूंगी’
ममता ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अगर हालात बने तो वह खुद काउंटिंग सेंटर पहुंचकर निगरानी करेंगी। उन्होंने कहा,
“अगर मैं पहरा दे सकती हूं तो आप भी दे सकते हैं। आपने इतना संघर्ष किया है, अब बंगाल के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आखिरी लड़ाई भी लड़नी होगी।”
उकसावे से बचने और संयम बरतने की अपील
अपने संदेश के अंत में ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को साफ चेतावनी दी कि किसी भी उकसावे में न आएं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं गड़बड़ी होती है तो उसका जवाब केवल कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
उन्होंने कहा,
“शांत रहें, संयम रखें। हमला चाहे जैसा हो, जवाब लोकतंत्र के दायरे में ही दिया जाएगा। बंगाल बंगाल के लोगों का है और यह मिट्टी बाहरी दबाव को स्वीकार नहीं करती।”
एग्जिट पोल बनाम ममता का भरोसा
गौरतलब है कि इस बार कई एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की लड़ाई दिखाई गई है, जबकि 2021 में भी कई सर्वे टीएमसी की वास्तविक बढ़त का सही अनुमान नहीं लगा पाए थे। उसी अनुभव को आधार बनाकर टीएमसी नेतृत्व एग्जिट पोल को भ्रामक बता रहा है।














