प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत की उपलब्धियों, सामाजिक प्रेरणाओं, वैज्ञानिक प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने वन्यजीव संरक्षण, युवाओं की प्रतिभा, भारतीय चीज़ की वैश्विक पहचान, भगवान बुद्ध के संदेश, बांस उद्योग, डिजिटल अभिलेखागार, गणित में बेटियों की सफलता, जनगणना 2027, स्वच्छ ऊर्जा और परमाणु विज्ञान में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख किया।
वन्यजीव संरक्षण में देशभर से आ रही प्रेरक खबरें
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से वन्यजीव संरक्षण को लेकर उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में फसल कटाई के दौरान हाथियों के झुंड गांवों की ओर बढ़ आते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा रहता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर जागरूकता और प्रबंधन के जरिए हालात सुधर रहे हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में काले हिरणों की वापसी और राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों की पहचान रहे गोडावण पक्षी के संरक्षण प्रयासों का भी उन्होंने विशेष उल्लेख किया।
सिलीगुड़ी के छात्र चंदन मलिक की प्रतिभा को पीएम का सलाम
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 9 के छात्र चंदन मलिक का जिक्र करते हुए कहा कि इस होनहार छात्र ने उनके दौरे के दौरान अपने हाथों से बनाई गई पेंटिंग उन्हें भेंट की थी। प्रधानमंत्री ने न सिर्फ उस कला को स्वीकार किया, बल्कि चंदन को व्यक्तिगत पत्र लिखकर उसका उत्साह भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में अद्भुत सृजनात्मक क्षमता है, जिसे पहचानना और प्रोत्साहित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
Sharing this month’s #MannKiBaat. Do listen! https://t.co/DTOYipk9kF
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
ब्राजील में चमका भारतीय चीज़ का स्वाद
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में ब्राजील में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय चीज़ प्रतियोगिता में भारतीय चीज़ के दो ब्रांड्स को प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि अब भारत के पारंपरिक डेयरी उत्पाद वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। पीएम ने कहा कि भारत में चीज़ की विविधता और गुणवत्ता दोनों ही विश्व स्तर पर सराही जा रही हैं।
भगवान बुद्ध के विचार आज भी दुनिया के लिए प्रासंगिक
आगामी Buddha Purnima का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध के जीवन संदेश को याद किया। उन्होंने कहा कि बुद्ध ने मानवता को सिखाया कि शांति बाहर नहीं, भीतर से शुरू होती है और स्वयं पर विजय ही सबसे बड़ी विजय है। पीएम मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया तनाव, हिंसा और संघर्षों से गुजर रही है, तब बुद्ध के विचार पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गए हैं। उन्होंने दक्षिण अमेरिका के Chile में बुद्ध के विचारों के प्रसार का भी जिक्र किया।
Began today’s #MannKiBaat with an accomplishment of India’s civil nuclear programme, which reaffirms the excellence of our scientists! I am proud of our civil nuclear programme’s contribution to nation-building. pic.twitter.com/CwnGoOkcRZ
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
नॉर्थ-ईस्ट में बांस क्रांति का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में केंद्र सरकार ने कानून में बदलाव कर बांस को ‘पेड़’ की श्रेणी से बाहर किया था, जिसका बड़ा सकारात्मक असर अब देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आज पूरा नॉर्थ-ईस्ट बांस उद्योग में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और स्थानीय लोग इससे रोजगार, नवाचार और वैल्यू एडिशन के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। पीएम ने नॉर्थ-ईस्ट को देश की ‘अष्टलक्ष्मी’ बताते हुए इसकी सराहना की।
20 करोड़ दस्तावेज़ अब डिजिटल रूप में उपलब्ध
प्रधानमंत्री ने कहा कि National Archives of India ने एक विशेष पोर्टल लॉन्च कर 20 करोड़ से अधिक ऐतिहासिक और अनमोल दस्तावेजों को डिजिटाइज कर आम जनता के लिए उपलब्ध कराया है। उन्होंने इसे भारत की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
Over the last few years, efforts have been made to include music from different parts of India during the Beating Retreat ceremony. For the first time, this year’s performances are on the WAVES OTT platform… #MannKiBaat pic.twitter.com/dC3lfI2CiW
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
यूरोपियन गर्ल्स मैथमैटिकल ओलंपियाड में बेटियों ने रचा इतिहास
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में मैथमेटिकल ओलंपियाड की चयन प्रक्रिया बेहद कठिन होती है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय बेटियां लगातार नया इतिहास लिख रही हैं। उन्होंने फ्रांस के बोर्डो में आयोजित यूरोपियन गर्ल्स मैथमैटिकल ओलंपियाड में भारतीय टीम के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर गर्व जताया और कहा कि देश की बेटियां विज्ञान और गणित में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
जनगणना 2027 में डिजिटल भागीदारी की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से Census 2027 में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और नागरिक स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों की हाउस लिस्टिंग पूरी हो चुकी है। पीएम ने इसे देश के भविष्य की योजना निर्माण के लिए बेहद अहम अभियान बताया।
The largest-ever census exercise in the world is underway and this time, it has been made digital.
Do participate in this exercise, which is an important national responsibility. #MannKiBaat pic.twitter.com/ah4lkZbfnA
— Narendra Modi (@narendramodi) April 26, 2026
स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के विकास और आने वाले कल की सुरक्षा के लिए सौर और पवन ऊर्जा अत्यंत जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से बिजली बचाने, स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। पीएम ने कहा कि यह केवल पर्यावरण का नहीं, बल्कि देश के सुरक्षित भविष्य का सवाल है।
कलपक्कम फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने रचा इतिहास
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने भारत के परमाणु वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने क्रिटिकलिटी हासिल कर ली है। उन्होंने इसे भारत की न्यूक्लियर एनर्जी यात्रा का ऐतिहासिक माइलस्टोन बताया। प्रधानमंत्री ने खास तौर पर इस बात पर गर्व जताया कि यह परमाणु रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित है और भारत की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।
‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश के सामने प्रेरणा, प्रगति, परंपरा और विज्ञान का समन्वित चित्र रखा। यह संबोधन सिर्फ सरकारी योजनाओं का उल्लेख नहीं था, बल्कि उन भारतीयों की कहानियों का मंच भी था जो अपने-अपने क्षेत्र में नया भारत गढ़ रहे हैं।














