गाजीपुर – भीमापार स्थित विद्युत उपकेंद्र पर स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इकराकुड़वा, उचौरी और अमीरहां गांव की दर्जनों महिलाएं उपकेंद्र पहुंचीं और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे वे परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे एसडीओ प्रदीप सिंह को गुस्साई महिलाओं ने कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि वे कई दिनों से अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के पास जा रही थीं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। सीमा देवी ने बताया कि शिकायत करने पर उन्हें टाल दिया जाता है, जबकि दिए गए संपर्क नंबर पर भी कोई जवाब नहीं मिलता।
प्रदर्शनकारी अनीता ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल 250 से 400 रुपये तक आता था, लेकिन अब 4 से 5 हजार रुपये तक का बिल भेजा जा रहा है। बिल जमा करने के बाद भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत भी सामने आई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला खुलवाकर एसडीओ को बाहर निकाला। बाद में महिला पुलिस बल भी तैनात किया गया। महिलाओं ने विभाग से बिल सही करने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की।
एसडीओ ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए तीन दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद महिलाएं शांत हुईं।














