HomeLocalसम्पूर्ण समाधान दिवस में 342 शिकायतें प्राप्त, 32 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 342 शिकायतें प्राप्त, 32 का मौके पर निस्तारण

गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मुहम्मदाबाद में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की विशेष उपस्थिति रही। तहसील सभागार में आयोजित इस समाधान दिवस में कुल 126 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

जिले की सातों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की समीक्षा में कुल 342 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर समाधान किया गया। तहसील सदर में 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 7 का निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में 23 शिकायतों में से 4, जमानियां तहसील में 28 में से 3, जखनियां तहसील में 49 में से 3, सैदपुर तहसील में 21 में से 2 तथा सेवराई तहसील में 49 शिकायतों में से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने समाधान दिवस के दौरान जनमानस की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का त्वरित निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि एवं आपसी विवादों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही सभी लेखपालों को निर्देशित किया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान कर शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments