गाज़ीपुर – बिरनो विकास खंड अंतर्गत कोड़री गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान जगनारायण यादव का रविवार देर रात उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह 53 वर्ष के थे और पिछले तीन वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। परिजनों के अनुसार उन्होंने लंबे समय तक इलाज कराया तथा कई बार ऑपरेशन भी कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
सोमवार को गाज़ीपुर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र अंश यादव ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जगनारायण यादव के निधन पर बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह सहित ग्राम प्रधान संगठन के बिरनो ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव, सचिंद्रनाथ सिंह, पप्पू यादव तांती, विनोद गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, अजीत सिंह, प्रमोद सिंह, इंदल राव, शिवकुमार यादव,अशोक कुशवाहा, कार्तिक राम, मेवा यादव, राम लखन राम, दुर्ग विजय राजभर समेत अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।














