HomeLocalअज्ञात वाहन की टक्कर से घायल महिला की मौत, परिवार में मचा...

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के शक्कापुर गांव निवासी 35 वर्षीय निर्मला देवी की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरुवार की भोर वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उन्होंने दम तोड़ दिया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका के पुत्र सूर्या कुमार ने बताया कि बुधवार को मां निर्मला देवी और बहन माया देवी की तबीयत खराब थी। दवा लेने के लिए वह दोनों को बाइक से मऊ गया था। वापस लौटते समय दोपहर में भीटी से कुछ दूर आगे बढ़ने पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में निर्मला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि सूर्या और माया को मामूली चोटें आईं।
परिजनों की सूचना पर घायल निर्मला देवी को मऊ के फातिमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान गुरुवार की भोर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति तेज बहादुर राम रोजी-रोटी के सिलसिले में आगरा गए हुए हैं। निर्मला देवी के एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार देर शाम गौसपुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments