ब्रेकिंग – संघ लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 301वीं रैंक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक ही रोल नंबर 0856794 पर दो अलग-अलग अभ्यर्थियों ने दावा किया है, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई है और अभ्यर्थियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
डॉ. आकांक्षा सिंह, जो गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र के अभईपुर गांव की निवासी हैं, ने 301वीं रैंक पर अपना दावा किया है। उनका कहना है कि उनके एडमिट कार्ड पर मौजूद बारकोड को स्कैन करने पर रोल नंबर 0856794 दिखाई देता है, जिससे उन्हें पूरा विश्वास है कि यह रैंक उनकी ही है।
पेशे से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा सिंह का यह सिविल सेवा परीक्षा में दूसरा प्रयास था। उन्होंने बताया कि पहले प्रयास में भी वह मुख्य परीक्षा पास कर चुकी थीं, लेकिन कुछ अंकों से अंतिम चयन से चूक गई थीं।
इस बीच बिहार की एक अन्य अभ्यर्थी ने भी इसी रोल नंबर पर 301वीं रैंक का दावा किया है, जिससे मामला और उलझ गया है। फिलहाल इस विवाद पर संघ लोक सेवा आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। डॉ. आकांक्षा सिंह ने कहा है कि वह पूरे मामले को लेकर आयोग को ई-मेल भेजकर स्पष्टीकरण मांगेंगी।














