गाजीपुर। जेई संगठन गाजीपुर की ओर से अंधऊ स्थित संगठन भवन में एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जूनियर इंजीनियरों एवं विभागीय कर्मचारियों को नवीन तकनीकी जानकारियों से अवगत कराना तथा उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि करना रहा। इस अवसर पर ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली, मीटरिंग व्यवस्था और फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदौली जनपद के सकलडीहा उपखंड अधिकारी सियाराम यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में तकनीक तेजी से बदल रही है, ऐसे में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का अद्यतन ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। नियमित तकनीकी प्रशिक्षण से न केवल कार्यक्षमता बढ़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सीखने की निरंतर प्रक्रिया को अपनाने और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष मिथिलेश यादव ने की। उन्होंने संगठन द्वारा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों को नई तकनीकी जानकारियां मिलती हैं और विभागीय कार्यों में आने वाली समस्याओं के समाधान में सहायता मिलती है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मीटरिंग से जुड़ी तकनीकी समस्याएं, फील्ड में आने वाली बाधाएं तथा उनके व्यावहारिक समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर एई मीटर साधना विद्यार्थी, अंकित गोंड, राजकुमार, सूर्यनाथ, दीपक कुमार, वित्त सचिव सहेंद्र कुमार, दुर्गविजय और शैलेन्द्र ओझा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।














