गाजीपुर – बिरनो क्षेत्र अंतर्गत अनुसूचित जाति प्राइमरी पाठशाला रसूलाबाद में सोमवार को वरिष्ठ सहायक अध्यापक बाढूं सिंह यादव के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। 34 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद उनकी विदाई के क्षणों में विद्यालय परिवार भावुक हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान बाढूं सिंह यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भले ही वह आज विद्यालय से विदा ले रहे हैं, लेकिन इस संस्थान से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि इसी विद्यालय ने उन्हें पहचान दी और आज विदाई के समय मन भावुक है, लेकिन यह हर कर्मचारी के जीवन का एक स्वाभाविक पड़ाव होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बाढूं सिंह यादव का समर्पण और कार्यशैली हमेशा सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को भावुक और यादगार बना दिया। बच्चों ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने प्रिय शिक्षक को सम्मान दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक जगन्नाथ राम, सहायक अध्यापिका इंदु कुमारी सहित कई शिक्षकगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त शिक्षक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।














