जीत के बाद सपाइयों ने मनाया जश्न, ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमे कार्यकर्ता; आशुतोष सिन्हा बोले- कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा
वाराणसी। वाराणसी स्नातक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत हासिल की है। अंतिम मतगणना में आशुतोष सिन्हा को कुल 55,046 मत प्राप्त हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों से पराजित किया। जीत की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मतगणना स्थल पर सुबह से ही ढोल-नगाड़ों की धुन गूंजती रही और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
बुधवार से बृहस्पतिवार तक चली मतगणना के दौरान सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने शुरुआती चक्र से ही बढ़त बनाए रखी। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ता गया। वहीं, बुधवार शाम को भाजपा के नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने मतगणना के दौरान विरोध जताते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस बीच सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।
मतगणना के दौरान 16वें चक्र के बाद आशुतोष सिन्हा को 51,263 और भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 34,052 मत मिले थे। 17वें चक्र में आशुतोष सिन्हा के मतों की संख्या बढ़कर 51,513 हो गई, जबकि केदारनाथ सिंह को 34,114 मत प्राप्त हुए। 18वें चक्र में आशुतोष सिन्हा को 51,624 और केदारनाथ सिंह को 34,648 मत मिले। वहीं, 19वें चक्र में आशुतोष सिन्हा को 51,753 और केदारनाथ सिंह को 34,502 मत प्राप्त हुए। अंतिम गणना के बाद आशुतोष सिन्हा को विजयी घोषित किया गया।
जीत के बाद आशुतोष सिन्हा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव और पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं के आजीवन आभारी रहेंगे, जिन्होंने उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता के लिए दिन-रात कदम से कदम मिलाकर साथ दिया।
आशुतोष सिन्हा ने कहा, “यह चुनाव नहीं, चुनौती थी। साथ ही बैलेट बनाम ईवीएम की विचारधारा रखने वालों से लड़ाई थी।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए खड़े रहेंगे। जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा।















