HomeLocalग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया आक्रोश, क्षमता बढ़ाने...

ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जताया आक्रोश, क्षमता बढ़ाने की मांग

सोढ़रा गांव में 20 दिन से जला ट्रांसफार्मर, 125 घरों में अंधेरा

गाजीपुर। मरदह क्षेत्र के सोढ़रा गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर 20 दिनों से जला पड़ा है। इससे गांव के करीब 125 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है और लगभग 600 की आबादी प्रभावित है। लगातार छह महीने से हर तीन-चार दिन में ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को बिजली निगम के खिलाफ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास नारेबाजी करते हुए विभाग के प्रति नाराजगी जताई। प्रदर्शन के चलते मरदह-सोढ़रा मार्ग पर करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
ग्रामीणों सिंहासन पासवान, संतोष, रामदेव, जितेंद्र, सुरेंद्र, रामबली, लीलावती, राधिका, रीना, इंद्रावती और दुलरी ने बताया कि गांव की आबादी के हिसाब से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर कम क्षमता का है। अधिक भार के चलते पिछले छह महीने से बार-बार ट्रांसफार्मर जल रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस अवधि में करीब एक दर्जन बार ट्रांसफार्मर खराब हो चुका है, लेकिन क्षमता वृद्धि नहीं की गई।
ग्रामीणों ने कहा कि 20 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। घरों में समय से भोजन बनाने में परेशानी हो रही है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बिजली के उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। पूनम देवी ने बताया कि मोबाइल और लाइट चार्ज करने के लिए करीब दो किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पावर हाउस का घेराव कर आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में मनभावती देवी, गीता देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, सुभावती देवी, विभा, गिरजा, चिंता, सुखमीना, मंशा और निर्मला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
उपखंड अधिकारी चंद्रमोहन ने बताया कि 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। निर्देश मिलते ही ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कर दी जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments