
Sanjiv Balyan Former Minister Targets Corruption: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार (24 दिसंबर) को सामाजिक न्याय क्रांति मोर्चा के तत्वावधान में एक भव्य सामाजिक न्याय सम्मेलन और पैदल मार्च का आयोजन हुआ। मोर्चा के अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप के नेतृत्व में हजारों लोग नगर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए टाउन हॉल मैदान पहुंचे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ संजीव बालियान का बड़ा बयान
सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने जनता को संबोधित करते हुए थाने और तहसील स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “जब भी शोषण होता है, वह पिछड़े समाज का होता है। आज थाने और तहसील लूट के अड्डे बन गए हैं। यह स्थिति सरकारी कर्मचारियों ने पैदा की है और इसके खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी।”
बालियान ने कहा कि भ्रष्टाचार का भार हमेशा कमजोर वर्ग पर पड़ता है, जबकि अमीर और दमदार लोगों को इसका सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने वादा किया कि इस लड़ाई को वह जमीनी स्तर पर जारी रखेंगे।
अपनी ही सरकार में प्रदर्शन की चेतावनी
डॉ. बालियान ने कहा, “सरकार हमारी है, लेकिन लड़ाई तो लड़नी ही पड़ेगी। अगर थानों और तहसीलों में दलाली बंद नहीं हुई, तो अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजनीति का भ्रष्टाचार खत्म हो गया है, लेकिन थाने और तहसील स्तर पर अब भी भ्रष्टाचार गंभीर समस्या बना हुआ है।
अति पिछड़े समाज के मुद्दों पर जोर
सम्मेलन में अति पिछड़े समाज के अधिकार और उनकी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। धार्मिक आधार पर आरक्षण के खिलाफ कड़ा विरोध जताया गया। बीजेपी नेता ने भरोसा दिलाया कि वह थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाकर इसे लखनऊ तक पहुंचाएंगे।
इस कार्यक्रम ने सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को नई दिशा देने का प्रयास किया है, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लेकर अपनी आवाज बुलंद की।