गाजीपुर – उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग लखनऊ के सदस्य रमाकान्त उपाध्याय का निरीक्षण दौरा सम्पन्न हुआ। उन्होंने विकास खण्ड मरदह की कंसहरी गौशाला और विकास खण्ड सदर की आरटीआई गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश की पूजा कर माल्यार्पण किया, उन्हें गुड़ खिलाया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।निरीक्षण में उन्होंने पशुओं को दिए जा रहे चारा, पानी, भूसा, चुन्नी, गुड़, नमक एवं टीकाकरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौवंश के लिए सभी आवश्यक खाद्य सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए ताकि वे स्वस्थ्य रहें। साथ ही बीमार पशुओं के लिए अलग शेड बनाकर उनका अलग से उपचार कराने को कहा। गौशाला परिसर की सफाई पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।रमाकांत उपाध्याय ने नीम, पीपल, बरगद, पाकड़ और सहजन जैसे वृक्ष लगाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पशुओं को छाया और शुद्ध ऑक्सीजन मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री जन सहभागिता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इससे स्वयं सहायता समूह, कुपोषित बच्चों के परिवार व किसान लाभान्वित होंगे। किसानों को प्राकृतिक खेती, बायोगैस उत्पादन व गोमूत्र-गोबर से खाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ए.के. सिंह, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रूद्ध प्रताप सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी गुरुदेव मौर्य सहित कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।