गाजीपुर। जीवित्पुत्रिका पर्व पर शनिवार सुबह ददरीघाट में गंगा स्नान के दौरान लापता हुए पांच वर्षीय रोहन बिंद का शव 44 घंटे बाद सोमवार सुबह बरामद हुआ। करीब सात बजे घटनास्थल से लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर दूर गंगा में स्थानीय लोगों ने शव उतराता देखा। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहन के रूप में की।
रोहन रौजा क्षेत्र के मिश्रवलिया बरहनिया निवासी रामसेवक बिंद का छोटा बेटा था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी मां धनमानी देवी, पिता रामसेवक और बड़े भाई सोहन के साथ ददरीघाट पर गंगा स्नान करने आया था। रामसेवक दोनों बच्चों को लेकर गंगा में उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से रोहन बह गया, जबकि उसका बड़ा भाई सोहन किसी तरह बाहर निकल आया।
रोहन के लापता होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की। इसके बाद एनडीआरएफ और पीएसी की टीमों ने भी गंगा में लगातार सर्च अभियान चलाया। करीब 44 घंटे बाद सोमवार सुबह बच्चे का शव घटनास्थल से दूर मिला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















