गाजीपुर – दुल्लहपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट संचालक साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात जालसाजों ने फोन-पे अकाउंट से दो दिनों के भीतर कुल 1 लाख 6 हजार 500 रुपये निकाल लिए। यह घटना देवा स्थित स्टेट हाईवे पर संचालित ‘टेस्टी डिलाइट रेस्टोरेंट’ के मालिक अजय कुमार के साथ हुई।
पीड़ित अजय कुमार, जो अंबेडकर नगर के नजीरपुर (छितौना) के निवासी हैं, ने बताया कि 2 फरवरी की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच उनके खाते से चार बार में 99,500 रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद 3 फरवरी को फिर 7,000 रुपये की कटौती हुई। इस तरह कुल ठगी की रकम 1,06,500 रुपये हो गई।
पीड़ित को खाते से पैसे कटने की जानकारी लगभग छह घंटे बाद मिली। जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में पता चला कि ठग का खाता महाराष्ट्र का है, लेकिन समय रहते उसे होल्ड नहीं किया जा सका।
इसके बाद अजय कुमार ने दुल्लहपुर थाने में लिखित शिकायत दी। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।














