
कोलकाता/मुर्शिदाबाद:
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ भड़की हिंसा ने गंभीर रूप ले लिया है। हिंसा के बाद अब तक 110 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें चार लोग घायल हो गए हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कर्फ्यू लागू किया गया है और इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं।
प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप, वाहनों में लगाई आग, सड़कों पर बवाल
मुर्शिदाबाद के सूती, शमशेरगंज और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन सहित कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और सड़कें जाम कर दीं। पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ गई।
पुलिस को करनी पड़ी गोलीबारी, चार घायल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शमशेरगंज और सुती के संवेदनशील इलाकों में चार राउंड फायरिंग की। एक किशोर को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एडीजी (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि:
“भीड़ बेकाबू हो चुकी थी, लाठीचार्ज और आंसू गैस के बाद भी हालात नहीं संभले। जान बचाने के लिए पुलिस को अंततः गोलियां चलानी पड़ीं।”
70 गिरफ्तार सूती से, 41 समशेरगंज से; हालात पर नजर बनाए हुए प्रशासन
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अकेले सूती से 70 और शमशेरगंज से 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे इलाके में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात है और लगातार गश्त जारी है। किसी भी तरह की भीड़ इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है।
इंटरनेट सेवा बंद, अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है ताकि अफवाहें फैलने से रोका जा सके। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा:
“कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी चाल में न आएं। शांति बनाए रखें।”
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज
घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शांति की अपील करते हुए कहा कि:
“कुछ राजनीतिक दल धार्मिक भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। लोग उनके बहकावे में न आएं।”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह से सतर्क और प्रतिबद्ध है।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।