Wednesday, March 4, 2026
Your Dream Technologies
HomeUttar Pradeshनोएडा में नववर्ष को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम, पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड...

नोएडा में नववर्ष को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम, पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड पर

नोएडा। आगामी नववर्ष को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। नववर्ष के अवसर पर बढ़ने वाली भीड़, सार्वजनिक आयोजनों एवं संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने डीसीपी नोएडा श्री यमुना प्रसाद एवं एडीसीपी नोएडा श्रीमती शैव्या गोयल के साथ नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मॉल, मेट्रो स्टेशन, प्रमुख बाजार, व्यस्त चौराहे, मुख्य सड़कें एवं भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग की गई, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में बाधित न होने पाए तथा संदिग्ध प्रतीत होने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं वाहन की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की सतत और सक्रिय मौजूदगी से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करेंगे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, शांति भंग, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी भी रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता और सख्त निगरानी व्यवस्था से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन से भी अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

नोएडा पुलिस का उद्देश्य है कि नववर्ष का स्वागत शहरवासी शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में कर सकें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और नया साल खुशहाल तरीके से शुरू हो।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button