गाजीपुर – शादियाबाद थाना क्षेत्र के कुकड़ा गांव में गुरुवार सुबह 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी के शव गांव से करीब 500 मीटर दूर बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दोनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों एक ही गांव के निवासी थे और उनके घरों के बीच करीब 150 मीटर की दूरी थी। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वे अक्सर मोबाइल फोन पर बातचीत करते थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस भी मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मान रही है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि किशोर राजमिस्त्री के साथ टाइल्स लगाने का काम करता था और तीन दिन पहले ही कमाकर गांव लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।














